टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अमेरिका की क्रिकेट टीम ने सबको चौंकाने वाला फैसला लिया है। श्रीलंका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके ऑलराउंडर शेहान जयसूर्या को USA स्क्वॉड में शामिल किया गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में अब जयसूर्या अमेरिकी जर्सी में नजर आएंगे, जो वर्ल्ड कप की सबसे दिलचस्प कहानियों में से एक बन गई है।
USA टीम का ऐलान, भारतीय मूल के खिलाड़ियों का दबदबा
30 जनवरी को घोषित USA स्क्वॉड में कुल 15 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 9 खिलाड़ी भारतीय मूल के हैं। टीम की कप्तानी मोनांक पटेल कर रहे हैं, जिनका जन्म गुजरात के आणंद में हुआ था। मोनांक इससे पहले 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी अमेरिका की कमान संभाल चुके हैं।
Read More :- ICC T20 World Cup 2026: ग्रुप ऑफ डेथ में कनाडा और यूएई की असली परीक्षा, शेड्यूल से लेकर संभावित XI तक पूरा विश्लेषण
भारतीय मूल के प्रमुख खिलाड़ियों में शुभम रंजन, जेसी सिंह, मिलिंद कुमार, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे और सौरभ नेत्रवलकर शामिल हैं। वहीं, पाकिस्तानी मूल के शायन जहांगीर, अली खान और मोहम्मद मोहसिन भी टीम का हिस्सा हैं।
कौन हैं शेहान जयसूर्या
शेहान जयसूर्या ने 8 जनवरी 2021 को श्रीलंका के लिए क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया था। इसके बाद उनका करियर अमेरिका में नई दिशा लेता दिखा। जून 2021 में उन्हें माइनर लीग क्रिकेट के ड्राफ्ट में चुना गया और 2023 में मेजर लीग क्रिकेट के पहले सीजन में सिएटल ऑर्कास के लिए खेलते नजर आए। अब उनका चयन USA की राष्ट्रीय टीम में हो गया है।
34 वर्षीय जयसूर्या ने 2015 से 2020 के बीच श्रीलंका के लिए 12 वनडे और 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। उनके नाम वनडे में 195 रन और 3 विकेट, जबकि टी20 इंटरनेशनल में 241 रन और 3 विकेट दर्ज हैं।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
12 सितंबर 1991 को कोलंबो में जन्मे जयसूर्या का घरेलू रिकॉर्ड मजबूत रहा है।
- 89 फर्स्ट क्लास मैच: 6072 रन, 200 विकेट
- 140 लिस्ट ए मैच: 4432 रन, 116 विकेट
- 92 टी20 मैच: 1840 रन, 53 विकेट
यह आंकड़े बताते हैं कि वह एक भरोसेमंद ऑलराउंडर हैं, जो USA टीम को संतुलन दे सकते हैं।
मल्टी-नेशनल पहचान वाली USA टीम
USA स्क्वॉड में साउथ अफ्रीकी मूल के एंड्रीज गौस और शैडली वैन शल्कविक भी शामिल हैं। कुल मिलाकर टीम में 9 भारतीय मूल, 3 पाकिस्तानी मूल, 1 श्रीलंकाई मूल और 2 साउथ अफ्रीकी मूल के खिलाड़ी हैं, जो अमेरिका की बहुसांस्कृतिक क्रिकेट पहचान को दिखाता है।
USA का T20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वॉड
मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह (उप-कप्तान), एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे, शैडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन
ग्रुप स्टेज में USA के मैच
- 7 फरवरी 2026: भारत vs USA, मुंबई
- 10 फरवरी 2026: पाकिस्तान vs USA, कोलंबो
- 13 फरवरी 2026: नीदरलैंड्स vs USA, चेन्नई
- 15 फरवरी 2026: न्यूजीलैंड vs USA, चेन्नई
